बख्तियारपुर में उत्पाद विभाग की टीम पर हमला, शराब तस्कर को छुड़ाने के लिए पुलिस पर बरसाए पत्थर
घटना बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रानीसराय गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार गुरुवार देर शाम मद्यनिषेध और उत्पाद विभाग की टीम शराब मामले में फरार चल रहे एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची थी। पुलिस टीम जैसे ही आरोपी को पकड़ने की कार्रवाई करने लगी, वैसे ही वहां मौजूद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।
देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और उपद्रवियों ने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों पर ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया गया। अचानक हुए हमले से पुलिस टीम को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पत्थरबाजी में विभाग की कई गाड़ियों के शीशे टूट गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हमले में घायल दो पुलिसकर्मियों और वाहन चालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि हमलावर आरोपी को छुड़ाने की कोशिश कर रहे थे। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
उत्पाद विभाग की शिकायत पर बख्तियारपुर थाने में हमलावरों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस वीडियो फुटेज और स्थानीय सूत्रों की मदद से आरोपियों की पहचान में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मद्यनिषेध थाना बाढ़ के थानाध्यक्ष राजीव प्रसाद ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।







