Movie prime

सिविल कोर्ट के पास जाली स्टांप का भंडाफोड़, सरकारी नोटरी के चैंबर से बड़ी मात्रा में फर्जी स्टांप जब्त

 
सिविल कोर्ट के पास जाली स्टांप का भंडाफोड़, सरकारी नोटरी के चैंबर से बड़ी मात्रा में फर्जी स्टांप जब्त
Bihar news: जिले में अवैध स्टांप कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी टीम ने सिविल कोर्ट परिसर के पास डीबीए लाइब्रेरी के नजदीक स्थित सरकारी नोटरी अरुण कुमार प्रसाद के चैंबर पर छापा मारा। इस दौरान वहां से बड़ी संख्या में जाली स्टांप बरामद किए गए। मामले में आरोपी नोटरी के खिलाफ पीरबहोर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

अलग-अलग कीमत के फर्जी स्टांप मिले

छापेमारी के दौरान टीम को 99 रुपये के ई-कोर्ट फी स्टांप, 25 रुपये के वेलफेयर स्टांप, 1 रुपये के कोर्ट फी स्टांप के साथ-साथ कई खाली शपथ पत्र मिले, जिन पर पहले से ही स्टांप चिपके हुए थे। जब्त किए गए स्टांप की जांच स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के विशेषज्ञों से कराई गई, जिसमें कई स्टांप फर्जी पाए गए।

विशेष टीम ने की कार्रवाई

यह छापेमारी अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) वरुण कुमार झा की अध्यक्षता में की गई। टीम में नगर दंडाधिकारी सुधीर कुमार, कोषागार पदाधिकारी संजीव कुमार और जिला अवर निबंधक सत्यनारायण चौधरी शामिल थे। इसके अलावा विशेष कार्यपालक दंडाधिकारी संगीत कुमार ठाकुर, पुलिस केंद्र पटना के अवर निरीक्षक ललन कुमार और पीरबहोर थाना की पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही।

सख्त कार्रवाई का प्रशासन का संदेश

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध स्टांप की बिक्री और कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा। मामले की गहन जांच की जा रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।