Newshaat_Logo

बकाया मांगने गए किसान की पीट-पीटकर हत्या! हरसिद्धि थाना पर शव रख परिजनों का हंगामा

 
बकाया मांगने गए किसान की पीट-पीटकर हत्या! हरसिद्धि थाना पर शव रख परिजनों का हंगामा
Motihari Crime News: पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में बकाया रुपये मांगने गए एक किसान की कथित पिटाई के बाद मौत हो जाने से इलाके में तनाव फैल गया। गुस्साए परिजनों ने शव को एंबुलेंस से थाना गेट पर लाकर सड़क जाम कर दिया और थाना अध्यक्ष समेत जांच अधिकारी के निलंबन की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया।

मृतक किसान की पहचान मनोज कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो परसौनी कपूर गांव निवासी स्वर्गीय ललन सिंह के पुत्र बताए जा रहे हैं। परिजनों के मुताबिक धीववाढार गांव के मक्का व्यवसायी भोला साह पर पिछले एक वर्ष से मक्का बिक्री का करीब 1.56 लाख रुपये बकाया था।

आरोप है कि रुपये मांगने के लिए बुलाने के बाद भोला साह, उसके पुत्र सुजीत कुमार, संजीत कुमार और अरमान अंसारी ने किसान को कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर हालत में घायल किसान को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने हरसिद्धि थाना गेट पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया और थाना अध्यक्ष सुनील कुमार तथा मामले की जांच कर रही दरोगा नीलम कुमारी के निलंबन की मांग करने लगे। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने हिरासत में लिए गए एक आरोपी को छोड़ दिया है।

स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पहुंचे अरेराज डीएसपी रवि कुमार ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। डीएसपी ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।