Newshaat_Logo

सीमावर्ती रक्सौल में ‘मौंकी ड्रग्स’ का खौफ: युवाओं पर मंडराया नशे का खतरा, प्रशासन अलर्ट!

 
Raksaul

Raxaul: भारत-नेपाल सीमा पर बसे अंतरराष्ट्रीय शहर रक्सौल में अब एक नए और खतरनाक नशे ‘मौंकी ड्रग्स’ ने दस्तक दे दी है। अब तक बड़े शहरों जैसे पंजाब और मुंबई तक सीमित यह नशा अब सीमावर्ती इलाके के युवाओं को अपनी चपेट में लेने लगा है, जिससे प्रशासन और समाज दोनों की चिंता बढ़ गई है।

हाल ही में कस्टम के पास मेन रोड पर एक युवक नशे की हालत में बीच सड़क पर सुन्न अवस्था में बैठा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस ड्रग्स के सेवन के बाद व्यक्ति का दिमाग कुछ समय के लिए पूरी तरह सुन्न हो जाता है और वह 20 से 30 मिनट तक एक ही स्थिति में जड़ बना रहता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह नशा अब धीरे-धीरे शहर के कई इलाकों आश्रम रोड, डंकन रोड, इस्लामपुर, प्रेम नगर, नेपाली स्टेशन और बायपास में फैल रहा है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण ड्रग्स की तस्करी की आशंका भी जताई जा रही है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।

प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती
रक्सौल की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यह मामला सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो यह नशा युवाओं की पूरी पीढ़ी को बर्बाद कर सकता है।

स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या पर तत्काल कार्रवाई की जाए, नशा तस्करों पर शिकंजा कसा जाए और युवाओं को इस खतरनाक जाल से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए।

रिपोर्ट: प्रशांत कुमार, मोतिहारी