Movie prime

Hajipur news: हाजीपुर में घर के दरवाज़े पर महिला की गोली मारकर हत्या, पानी भरने गई थी 22 वर्षीय गुड़िया देवी

 
Crime news

Hajipur news: नगर थाना क्षेत्र के चौहट्टा चौक के पास गुरुवार देर रात एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक महिला की पहचान स्थानीय अर्जुन पासवान की 22 वर्षीय पत्नी गुड़िया देवी के रूप में हुई है। घटना घर के दरवाज़े पर लगे चापाकल के पास हुई, जहां वह पानी भरने गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पानी भरते समय गिरी महिला, बाद में चला गोली लगने का पता

मृतका के पति अर्जुन पासवान ने बताया कि वह गुरुवार रात करीब 11:15 बजे एक दोस्त के यहां भोज से लौटे थे। खाना नहीं खाने के कारण घर पर ही भोजन करने की तैयारी थी। उन्होंने पत्नी से खाना लाने को कहा, जिस पर गुड़िया देवी पहले हाथ-मुंह धोने के लिए नीचे चापाकल पर पानी लाने गई।

पानी चलाते समय वह अचानक गिर पड़ी। ऊपर से आवाज सुनकर परिवार के लोग नीचे पहुंचे और जब उसे उठाने लगे तो हाथ में खून लगा दिखा। इसके बाद आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

अर्जुन पासवान ने बताया कि उन्हें गोली चलने की आवाज सुनाई नहीं दी थी। बाद में पता चला कि गोली लगने से उसकी मौत हुई है।

पड़ोसियों से पुराने विवाद की बात आई सामने

पति ने आरोप लगाया कि पड़ोसियों से पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। दो दिन पहले पानी गिरने को लेकर झगड़ा हुआ था। उन्होंने बताया कि पड़ोसी के बच्चे की उल्टी हुई थी, जिसकी सफाई उनकी पत्नी ने की थी। इसी दौरान पानी पड़ोसी की ओर चला गया था, जिसको लेकर कहासुनी हुई थी और धमकी भी दी गई थी।

पुलिस बोली-हर एंगल से जांच

इस मामले में सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र में गुड़िया देवी की गोली लगने से मौत हुई है। मृतका के पति ने पड़ोसियों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। दो दिन पहले विवाद की बात भी सामने आई है। आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

मायके वालों ने भी जताई हत्या की आशंका

महिला के मायके पक्ष का कहना है कि उन्हें देर रात सूचना मिली कि गुड़िया देवी की गोली लगने से मौत हुई है। उन्होंने भी घटना को हत्या बताया है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं पुलिस इस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोटर: अभिषेक कुमार, हाजीपुर