Newshaat_Logo

जहानाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात! चोरी का विरोध करने पर वृद्ध महिला की बेरहमी से हत्या

 
जहानाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात! चोरी का विरोध करने पर वृद्ध महिला की बेरहमी से हत्या
Jahanabad Crime News: बिहार के जहानाबाद जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां चोरी की नीयत से घर में घुसे बदमाशों ने एक वृद्ध महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना कल्पा थाना क्षेत्र के कामदेव बीघा गांव की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। हत्या के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मृतका की पहचान 75 वर्षीय राम कुमारी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह घर में अकेली रहती थीं। उनके पति सिद्धेश्वर सिंह की दो वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी और उनकी कोई संतान नहीं थी।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बदमाश छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे। इसी दौरान महिला की नींद खुल गई होगी और उन्होंने विरोध किया होगा। विरोध करने पर अपराधियों ने उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

रविवार सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों और परिजनों को शक हुआ। मृतका के रिश्तेदार उपेंद्र सिंह ने बताया कि राम कुमारी देवी रोज सुबह जल्दी उठ जाती थीं, लेकिन उस दिन काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई। काफी आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद किसी तरह घर में प्रवेश किया गया, जहां महिला का शव पड़ा मिला। घर का सामान भी पूरी तरह बिखरा हुआ था।

घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष चंद्र चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।

इस घटना के बाद गांव में भय और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने इलाके में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।