दिल्ली ब्लास्ट के बाद पटना साहिब में हाई अलर्ट, डीएसपी डॉ. गौरव कुमार ने रातभर किया सुरक्षा निरीक्षण
Patna City: दिल्ली के लाल किला इलाके में हुए धमाके के बाद बिहार पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गई हैं। राजधानी पटना के ऐतिहासिक तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।

पटना सिटी के डीएसपी डॉ. गौरव कुमार खुद देर रात से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में जुटे रहे। उन्होंने गुरुद्वारा परिसर का मुआयना करते हुए सुरक्षा कर्मियों को कई जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रबंधक कमेटी के सदस्यों से मुलाकात कर पूरे सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पार्किंग क्षेत्र और अंडरग्राउंड परिसर में खड़ी बसों और मोटरसाइकिलों की मेटल डिटेक्टर से गहन जांच की गई। जांच के दौरान कई ऐसी गाड़ियां मिलीं जो चार दिनों से बिना मालिक के खड़ी थीं। इस पर डीएसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

गुरुद्वारा परिसर के चारों मुख्य द्वारों से लेकर आसपास के इलाकों तक पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। वहीं, पटना साहिब स्टेशन से गुरुद्वारा तक आने वाले सभी वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस हर पल सतर्क है।







