Movie prime

बगहा में मानव तस्करी का भंडाफोड़, तीन नाबालिग बच्चियां बचाईं, मां-बेटा गिरफ्तार

 
Bihar news

Bihar news: पश्चिम चम्पारण के बगहा पुलिस जिले में मानव तस्करी के एक गंभीर मामले का खुलासा हुआ है। नौरंगिया थाना क्षेत्र से तीन नाबालिग बच्चियों को बहला-फुसलाकर पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था, लेकिन समय रहते पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर सभी बच्चियों को सुरक्षित बचा लिया।

बगहा के पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे नौरंगिया थाना अध्यक्ष शुभम कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि अनुसूचित जनजाति समाज की तीन नाबालिग बच्चियों को बाहर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आ गई।

इसके बाद एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, नौरंगिया थाना पुलिस और जन शक्ति फाउंडेशन (एनजीओ) की संयुक्त टीम बनाई गई। छापेमारी कर दो लोगों को मौके से पकड़ लिया गया और तीनों बच्चियों को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल के पश्चिम वर्धमान जिले की रहने वाली नियोति देवी (43 वर्ष) और उसका बेटा नागेश भुइंया (19 वर्ष) शामिल हैं। दोनों के पास से एक मोबाइल फोन और रेलवे टिकट भी बरामद किया गया है। पुलिस दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है।

मुक्त कराई गई तीनों बच्चियां नौरंगिया थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं, जिनकी उम्र लगभग 4, 6 और 12 वर्ष बताई गई है। बच्चियों को थाने लाकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और उनकी सुरक्षा की व्यवस्था की गई है।

एसपी रामानंद कौशल ने बताया कि इस मामले में और लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि अगर कहीं भी बच्चों की तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से तीन मासूम बच्चियों की जिंदगी बच गई है और मानव तस्करी गिरोह को बड़ा झटका लगा है।