हसनपुर के जदयू विधायक की भतीजी ने पुलिस ऑफिसर पति के सर्विस रिवॉल्वर से उड़ाई जिंदगी, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एएसआई चंदन कुमार अपनी पत्नी के साथ सफियासराय इलाके में किराये के मकान में रह रहे थे। शनिवार की देर शाम घर के भीतर वह पल आया, जिसने पूरे परिवार की जिंदगी को हमेशा के लिए बदल दिया। आरोप है कि मधु कुमारी ने पति की सर्विस रिवॉल्वर हाथ में लेकर अपने सीने में गोली दाग दी। गोली चलने की तेज आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका हसनपुर के जदयू विधायक राजकुमार राय की भतीजी बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद खुद मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए। घटनास्थल को तुरंत सील कर दिया गया और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया। कमरे से मिले सबूत अब इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझाने में अहम कड़ी बन सकते हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शनिवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ था। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया था, लेकिन शाम होते-होते घर के भीतर यह दर्दनाक घटना घट गई। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आखिर सर्विस रिवॉल्वर तक महिला की पहुंच कैसे हुई।
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और हर एंगल से इसकी जांच की जा रही है चाहे वह पारिवारिक विवाद हो, मानसिक तनाव हो या फिर किसी अन्य कारण की आशंका। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी। इस घटना के बाद पुलिस विभाग के भीतर भी बेचैनी बढ़ गई है। एक तरफ वर्दीधारी अफसर का घर, दूसरी तरफ खून से सना सच यह पूरा मामला अब सिस्टम की चूक पर भी सवाल खड़ा कर रहा है। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब भी वहीं खड़ा है क्या यह वाकई आत्महत्या थी, या फिर इसके पीछे कोई ऐसा सच छिपा है जो फिलहाल पर्दे के पीछे है?







