जहानाबाद डबल मर्डर केस में पुलिस का बड़ा एक्शन, 10 फरार आरोपियों के घर चस्पा हुआ इश्तेहार
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोपी निर्धारित समय के भीतर न्यायालय में सरेंडर नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उनकी चल-अचल संपत्तियों को भी जब्त किया जा सकता है।
जानकारी के अनुसार, 15 मई की रात निसरपुरा गांव निवासी शिवम कुमार पर लाठी-डंडों से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल शिवम की इलाज के दौरान 17 मई को मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने 11 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया था। अब तक एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 10 अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब हत्याकांड की पैरवी कर रहे शिवम कुमार के चाचा मुन्ना कुमार सिंह की भी हत्या कर दी गई। महज 20 दिनों के भीतर एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हुई इन घटनाओं के बाद पीड़ित परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है। वहीं पुलिस प्रशासन दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए लगातार छापेमारी अभियान चला रहा है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (घोसी) ने बताया कि शिवम कुमार और मुन्ना कुमार सिंह हत्याकांड के आरोपियों की सूची अलग-अलग है, लेकिन दोनों मामलों में आरोपित एक ही परिवार से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और दोनों हत्याकांडों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।







