Jehanabad News: जलजमाव से निपटने के लिए प्रशासन का एक्शन, नालों पर चला बुलडोजर, अवैध अतिक्रमण हटाया गया
Bihar news: शहर को जलजमाव की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर परिषद ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर परिषद की टीम ने काको मोड़ से प्राचीन देवी मंदिर और स्टेशन रोड तक नालों के किनारे बने अवैध कब्जों को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया।
अभियान के दौरान नालों के ऊपर बनी कई अस्थायी दुकानें, शेड और अन्य अवैध निर्माणों को जेसीबी की मदद से हटाया गया। प्रशासन का कहना है कि इन अतिक्रमणों की वजह से बरसात के समय पानी की निकासी बाधित हो रही थी, जिससे शहर के कई हिस्सों में जलजमाव की समस्या पैदा हो रही थी।
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी दीनानाथ सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नालों पर अवैध कब्जे के कारण न केवल बारिश का पानी रुक रहा था, बल्कि सफाई कार्य भी प्रभावित हो रहा था।
उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत काको मोड़ से की गई है और इसे आगे स्टेशन रोड तक जारी रखा जाएगा। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि संबंधित लोगों को पहले कई बार अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस और चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाने पर मजबूर होकर बुलडोजर की कार्रवाई करनी पड़ी।
नगर परिषद ने लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक नालों और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण न करें, ताकि शहर में जलनिकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे और बरसात के दौरान लोगों को जलजमाव की समस्या का सामना न करना पड़े।







