Newshaat_Logo

चोरी की बड़ी वारदात: 8 लाख के गहने और 50 हजार नकद पर हाथ साफ

 
चोरी की बड़ी वारदात: 8 लाख के गहने और 50 हजार नकद पर हाथ साफ

Jahanabad: जिले के घोसी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में शुक्रवार की देर रात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। श्याम शर्मा के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 8 लाख रुपये के गहने और 50 हजार रुपये नकद समेत कई कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय पीड़ित परिवार घर से बाहर था।

चोरी इतनी सफाई से की गई कि किसी को भनक तक नहीं लगी। हालांकि श्याम शर्मा के चचेरे भाई संजय शर्मा ने संयोगवश चोरों को घर से सामान ले जाते हुए देख लिया और शोर मचाया। हंगामा सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हो गए, जिसके बाद चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। जाते-जाते कुछ सामान वे खेत में छोड़ गए, जिसे ग्रामीणों ने बरामद कर लिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पहली बार इतनी बड़ी चोरी हुई है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि दिन में घर के आसपास कुछ संदिग्ध लोगों को मंडराते देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि चोरी की यह वारदात पहले से योजनाबद्ध थी।