शादी के महज 12 दिन बाद नई नवेली दुल्हन की ह/त्या, मंगल सूत्र विवाद में पति ने पत्नी का गला घोंटा
Gaya Crime News: बिहार के गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र के मंझियामा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी के महज 12 दिन बाद एक नई नवेली दुल्हन की हत्या कर दी गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान परैया थाना क्षेत्र के राजपुर गांव निवासी शिवा पासवान की 20 वर्षीय पुत्री गीता कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतका के परिजनों ने पति, सास-ससुर समेत पूरे ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
बीते गीता कुमारी की शादी 30 अप्रैल को हिंदू रीति-रिवाज के साथ कोंच थाना क्षेत्र के मंझियामा गांव निवासी राम पुकार पासवान के पुत्र अमित कुमार से हुई थी। शादी को अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ था कि दुल्हन की मौत की खबर ने मायके वालों को गहरे सदमे में डाल दिया। परिजनों का आरोप है कि गीता की हत्या उसके पति, सास-ससुर और अन्य ससुराल वालों ने मिलकर डंडे से गला दबाकर की है।
बताया जा रहा है कि घटना की सूचना देर रात शादी कराने वाले अगुवा ने मृतका के परिवार को दी। खबर मिलते ही मायके वाले तुरंत मंझियामा गांव पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने घर का नजारा देखकर दंग रह गए। परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने शव को ठिकाने लगाने की पूरी तैयारी कर ली थी। घर में बोरा और रस्सी रखा गया था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि शव को गायब करने की योजना बनाई जा रही थी। हालांकि इससे पहले कि वे लोग शव को कहीं ले जाते, मृतका के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिवार वालों के पहुंचते ही आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए।
मृतका की नानी ने घटना को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि हत्या से कुछ घंटे पहले गीता कुमारी ने उन्हें फोन किया था। फोन पर गीता काफी डरी हुई थी। उसने बताया था कि वह अपने पति और ससुराल वालों के साथ पास के इच्छापुर मेला घूमने गई थी। मेला से लौटने के बाद घर में मंगलसूत्र को लेकर विवाद शुरू हो गया। ससुराल वालों ने उस पर मंगलसूत्र गायब करने का आरोप लगाया। गीता ने अपनी नानी को बताया था कि उसकी सास ने धमकी दी थी कि यदि मंगलसूत्र नहीं मिला तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
परिजनों का कहना है कि महज कुछ घंटे बाद ही उन्हें यह सूचना मिली कि गीता की मौत हो गई है। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि एक मामूली विवाद में नई नवेली दुल्हन की हत्या कर देना बेहद अमानवीय और शर्मनाक है।
घटना की जानकारी मिलते ही बिहार पुलिस की कोंच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने जिस कमरे में हत्या की आशंका जताई जा रही है, उस जगह को सील कर दिया है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है।
मृतका के पिता शिव पासवान ने कोंच थाना में लिखित आवेदन देकर पति अमित कुमार, सास-ससुर और अन्य ससुराल वालों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।







