Newshaat_Logo

जहानाबाद में बड़ा हादसा टला: CNG भरवाते ही कार बनी आग का गोला, पंप के पास मची अफरा-तफरी

 
जहानाबाद में बड़ा हादसा टला: CNG भरवाते ही कार बनी आग का गोला, पंप के पास मची अफरा-तफरी
Jahanabad News: शहर के व्यस्ततम काको मोड़ स्थित सीएनजी पंप के समीप गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सीएनजी भरवाने के तुरंत बाद एक वैगनआर कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि समय पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाकर एक बड़े हादसे को टाल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में सीएनजी भरवाने के बाद चालक ने जैसे ही वाहन स्टार्ट किया, इंजन से धुआं निकलने लगा। कुछ ही सेकंड में आग की लपटें पूरे वाहन में फैल गईं। चालक ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना के समय वाहन में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग बुझाने में सफल रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो पास में स्थित सीएनजी पंप के कारण बड़ा विस्फोट हो सकता था।

कार मालिक मोहम्मद रहमतुल्लाह ने बताया कि उन्होंने यह वाहन सेकेंड हैंड खरीदा था और उसमें पहले से सीएनजी किट लगी हुई थी। वह चिकसोरा से पटना जा रहे थे और रास्ते में सीएनजी भरवाने के लिए काको मोड़ स्थित पंप पर रुके थे। इसी दौरान अचानक वाहन में आग लग गई।

प्राथमिक जांच में सीएनजी किट में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में संचालित सीएनजी पंपों पर सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने की मांग की है।

हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना ने वाहन सुरक्षा और सीएनजी किट की नियमित जांच को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।