Newshaat_Logo

पटना सिटी में भीषण अग्निकांड: तेल गोदाम में लगी आग, आसमान में उठे धुएं के गुबार; करोड़ों के नुकसान की आशंका

 
पटना सिटी में भीषण अग्निकांड: तेल गोदाम में लगी आग, आसमान में उठे धुएं के गुबार; करोड़ों के नुकसान की आशंका

Patna News: राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र स्थित महुली गांव में रविवार देर रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब वनस्पति, रिफाइंड और सरसों तेल के एक बड़े गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया और दूर-दूर तक आग की लपटें दिखाई देने लगीं।

जानकारी के अनुसार, देर रात करीब साढ़े 12 बजे गोदाम से धुआं उठता देख स्थानीय सुरक्षाकर्मियों ने इसकी सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा गोदाम इसकी चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

बताया जा रहा है कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की करीब 22 गाड़ियां घंटों तक लगातार मशक्कत करती रहीं। तेल से भरे गोदाम में आग लगने के कारण स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण बनी रही। आग की गंभीरता को देखते हुए पानी के साथ-साथ फोम कंपाउंड का भी इस्तेमाल किया गया।

मौके पर मौजूद अधिकारियों के मुताबिक, गोदाम के समीप बैटरियों का एक स्टोर भी था। आग जब उस हिस्से तक पहुंची तो स्थिति और गंभीर हो गई। बैटरियों में आग लगने से लपटें और तेज हो गईं, जिससे बचाव कार्य में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।

हालांकि राहत की बात यह रही कि गोदाम के पास स्थित एक ब्रेड फैक्ट्री को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। फिलहाल इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करोड़ों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो सकती है।

दमकल विभाग और प्रशासन की टीम देर रात से ही मौके पर कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।