Newshaat_Logo

दरभंगा में मिड-डे मील चावल घोटाले का आरोप! स्कूल से बोरे ले जाते वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच

 
दरभंगा में मिड-डे मील चावल घोटाले का आरोप! स्कूल से बोरे ले जाते वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच
Darbhanga News: जिले के सिंहवाड़ा प्रखंड स्थित निस्ता गांव के एक प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील के चावल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने स्कूल प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में विद्यालय परिसर से अनाज के बोरे ई-रिक्शा पर लादकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद ग्रामीणों ने बच्चों के लिए आवंटित चावल बेचने का आरोप लगाया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल से अनाज बाहर ले जाने की शिकायतें पहले भी मिलती रही हैं। इसी संदेह के आधार पर ग्रामीणों ने निगरानी रखी और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होते ही इलाके में चर्चा का माहौल बन गया।

वीडियो बनाने वाले युवक शशिकांत यादव ने दावा किया कि विद्यालय से बार-बार चावल बाहर ले जाए जाने की सूचना मिल रही थी। इसी वजह से उन्होंने मौके पर पहुंचकर वीडियो रिकॉर्ड किया और मामले को सार्वजनिक किया।

हालांकि, विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि जो चावल ले जाया जा रहा था, वह दूसरे विद्यालय का था और उसे वापस भेजा जा रहा था। उन्होंने किसी भी प्रकार की अनियमितता से इनकार किया है।

शिक्षा विभाग ने लिया संज्ञान

मामले के तूल पकड़ने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है और विद्यालय प्रशासन से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।