Movie prime

प्रेमी से शादी की जिद में 33 हजार वोल्ट के पोल पर चढ़ी नाबालिग, पूर्वी चंपारण में 5 घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

गांव में मची अफरा-तफरी, पुलिस और बिजली विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित उतारा
 
प्रेमी से शादी की जिद में 33 हजार वोल्ट के पोल पर चढ़ी नाबालिग, पूर्वी चंपारण में 5 घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
Bihar news: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर पुलिस स्टेशन ईस्ट चंपारण क्षेत्र के मानूचक गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक नाबालिग युवती अपने प्रेमी से शादी कराने की जिद में 33 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली पोल पर चढ़ गई। युवती पोल पर चढ़ते-चढ़ते बिजली तार के अंतिम हिस्से तक पहुंच गई, जिसे देखकर गांव में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

पुलिस ने कटवाई बिजली लाइन

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कुमार सौरभ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सबसे पहले बिजली विभाग से संपर्क कर इलाके की बिजली लाइन कटवाई गई, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

प्रेमी को बुलाने की जिद पर अड़ी रही युवती

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और ग्रामीण लगातार युवती को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह अपने प्रेमी को मौके पर बुलाने और उससे शादी कराने की मांग पर अड़ी रही। इस दौरान गांव में करीब पांच घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित उतारा

स्थिति को संभालने के लिए बिजली विभाग की विशेष रेस्क्यू टीम को मुजफ्फरपुर से बुलाया गया। काफी प्रयास और सावधानी के बाद टीम ने युवती को सुरक्षित पोल से नीचे उतार लिया।

बाद में पुलिस ने युवती को उसके परिजनों के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में लंबे समय तक चर्चा का माहौल बना रहा।

रिपोर्ट: प्रशांत कुमार, मोतिहारी