Movie prime

बीच सड़क दरोगा की कॉलर पकड़कर दबंगई, गश्ती दल गायब! FIR तक नहीं-मोतिहारी पुलिस के इक़बाल पर बड़ा सवाल

 
बीच सड़क दरोगा की कॉलर पकड़कर दबंगई, गश्ती दल गायब! FIR तक नहीं—मोतिहारी पुलिस के इक़बाल पर बड़ा सवाल

Motihari Crime News: मोतिहारी में एक वायरल वीडियो ने पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। पिपरा थाना क्षेत्र के चिंतावनपुर एनएच पर देर रात की बताई जा रही घटना में एक पिकअप चालक को सरेआम पिपरा थाने के दरोगा की कॉलर पकड़ते देखा गया। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद बताए जा रहे गश्ती दल के अन्य पुलिसकर्मी और वाहन चालक न तो वीडियो में दिखे और न ही दरोगा की मदद के लिए आगे आए।

वीडियो सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या रात में दरोगा अकेले गश्त पर होते हैं? यदि नहीं, तो गश्ती दल और ड्राइवर कहां थे? और किस हालात में एक वाहन चालक को बीच सड़क पुलिस अफसर की कॉलर पकड़ने की हिम्मत हुई?

क्या है पूरा मामला
दरोगा का कहना है कि एक पिकअप वाहन संदिग्ध अवस्था में भाग रहा था। पीछा कर जब वाहन रोका गया तो चालक ने दुर्व्यवहार किया। पुलिस को आशंका थी कि वाहन में शराब हो सकती है। वहीं वीडियो में चालक पैसे लेने और मोबाइल छीनने जैसे आरोप लगाता दिख रहा है, जिससे मामला और उलझ गया है।

FIR नहीं, गिरफ्तारी नहीं
घटना के बाद भी पिपरा थाना में अब तक न तो एफआईआर दर्ज हुई है और न ही किसी की गिरफ्तारी। यह चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। यदि पुलिसकर्मी के साथ सरेआम बदसलूकी हुई, तो कार्रवाई में देरी क्यों? और अगर आरोप-प्रत्यारोप हैं, तो निष्पक्ष जांच कब शुरू होगी?

इक़बाल पर असर
बीच सड़क पुलिस की कॉलर पकड़कर वीडियो बनना, वह भी रात में यह दृश्य कानून-व्यवस्था की छवि पर सीधा प्रहार करता है। जब वर्दी ही खुद को असुरक्षित महसूस करे, तो आम लोगों की सुरक्षा पर भरोसा कैसे कायम रहेगा?

SP का बयान
मामले पर मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा है कि पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि कार्रवाई कितनी तेजी और पारदर्शिता से होती है।

फिलहाल, यह वायरल वीडियो मोतिहारी पुलिस की गश्ती व्यवस्था, जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई की कसौटी बन चुका है। जनता जवाब चाहती है, कॉलर पकड़ने वाले पर कब होगी कार्रवाई, और गश्ती दल की गैरहाजिरी की जिम्मेदारी कौन लेगा?

रिपोर्ट: प्रशांत कुमार, मोतिहारी