Newshaat_Logo

श्राद्ध भोज में मचा हड़कंप: दाल में मरी छिपकली मिलने के बाद 150 से अधिक लोग बीमार, अस्पताल में भर्ती

 
श्राद्ध भोज में मचा हड़कंप: दाल में मरी छिपकली मिलने के बाद 150 से अधिक लोग बीमार, अस्पताल में भर्ती

Bihar news: जिले के जदिया थाना क्षेत्र के मानगंज पश्चिम पंचायत स्थित दतुआ वार्ड-10 में आयोजित एक श्राद्ध भोज उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गया, जब भोजन में परोसी गई दाल में मरी हुई छिपकली मिलने की बात सामने आई। घटना के बाद भोज में शामिल 150 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह है कि सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, दतुआ वार्ड-10 निवासी छोटकेलाल यादव की पत्नी के श्राद्ध कर्म के अवसर पर भोज का आयोजन किया गया था, जिसमें करीब 500 लोग शामिल हुए थे। ग्रामीणों का कहना है कि भोजन के दौरान दाल में मरी हुई छिपकली देखी गई, जिसके बाद लोगों में दहशत फैल गई।

भोज करने के कुछ ही देर बाद कई लोगों, विशेषकर बच्चों ने पेट दर्द, उल्टी, सिरदर्द और बेचैनी की शिकायत शुरू कर दी। वहीं कुछ लोगों को चक्कर और घबराहट महसूस होने लगी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल सभी प्रभावित लोगों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं, त्रिवेणीगंज के बीडीओ अभिनव भारती ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना और स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा की।

अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ. इन्द्रदेव यादव ने बताया कि दाल में मरी हुई छिपकली मिलने के बाद लोगों में भय और आशंका का माहौल बन गया था। अस्पताल में 150 से अधिक मरीजों का इलाज किया जा रहा है, जिनमें बच्चों की संख्या अधिक है। उन्होंने बताया कि सभी मरीजों की स्थिति सामान्य और स्थिर है।

बीडीओ अभिनव भारती ने कहा कि प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। प्रभावित लोगों को समुचित इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है और मामले की जांच भी की जा रही है।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीण भोज की गुणवत्ता और लापरवाही को लेकर सवाल उठा रहे हैं।