नालंदा मंदिर में मातम: शीतलाष्टमी पर मची भगदड़, 8 महिलाओं की दर्दनाक मौत
घटना के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों को तत्काल इलाज के लिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
मृतकों में से दो की पहचान हो चुकी है—सकुन्त बिहार निवासी दिनेश रजक की पत्नी रीता देवी (50) और नूरसराय के मथुरापुर निवासी कमलेश प्रसाद की पत्नी रेखा देवी (45)। बाकी की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
दरअसल, चैत्र माह के अंतिम मंगलवार और शीतला अष्टमी के अवसर पर मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे। परंपरा के अनुसार इस दिन माता को ठंडा भोजन (बासी) का भोग लगाया जाता है, जिसके चलते हर साल यहां बड़ी भीड़ उमड़ती है। इसी दौरान अचानक भगदड़ मच गई और कई लोग इसकी चपेट में आ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में किया। पूरे मामले पर सरकार ने गंभीरता दिखाई है। मंत्री विजय कुमार चौधरी ने इसे बेहद दुखद घटना बताया और कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
सरकार ने मृतकों के परिजनों को कुल 6-6 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है, जिसमें 4 लाख रुपये आपदा कोष और 2 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से दिए जाएंगे। वहीं घायलों का इलाज सरकारी खर्च पर कराया जा रहा है।
फिलहाल, पूरे इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन घटना के कारणों की जांच में जुट गया है।







