मछुआरों की समस्या पर मुकेश सहनी सक्रिय, मुंगेर एसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग
Munger News: गंगा नदी में मछली पकड़ने में हो रही परेशानियों को लेकर विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के सुप्रीमो मुकेश सहनी बुधवार को मुंगेर पहुंचे। उन्होंने जिले के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद से मुलाकात कर मछुआरों को परेशान करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
मुकेश सहनी ने बताया कि पूरे बिहार से मछुआरों को दबंगों द्वारा परेशान किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इसी सिलसिले में वे मुंगेर आए और एसपी से मिलकर हेमजापुर थाना क्षेत्र की घटनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गंगा में मछली मारकर जीवन चलाने वाले गरीब मछुआरों को कुछ लोग जबरन रोक रहे हैं और जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिवकुंड से लेकर बहाचौकी तक के इलाके में सुरेंद्र सिंह, जय जय राम मंडल और राकेश यादव जैसे लोगों द्वारा मछुआरों को मछली पकड़ने से रोका जा रहा है। सहनी ने कहा कि यह समस्या सिर्फ मुंगेर की नहीं, बल्कि बक्सर से भागलपुर तक कई जगहों पर मछुआरों को दबाया जा रहा है। सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ठोस कार्रवाई नहीं होने से गरीबों की परेशानी बढ़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो वीआईपी इसके खिलाफ आंदोलन करेगी।
वहीं, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि हेमजापुर थाना क्षेत्र से मछली पकड़ने को लेकर विवाद की सूचना पहले ही मिली थी और इस संबंध में आवेदन भी प्राप्त हुआ है। मामले की जानकारी मत्स्य विभाग को दी गई है और पुलिस तथा विभाग की संयुक्त टीम ने स्थल निरीक्षण भी किया है। मत्स्य पदाधिकारी की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने यह भी बताया कि दोनों पक्षों को चेतावनी दी गई है कि कानून व्यवस्था बिगड़ने न पाए और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मछुआरों के हित में उचित कदम उठाए जाएंगे।
रिपोटर: मनीष कुमार







