मुरारी हत्याकांड में पहला शिकंजा- मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 7 नामजदों की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिरिसिया गांव निवासी उमेश चौधरी के रूप में हुई है, जिसे बेतिया से दबोचा गया। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।
प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस हत्याकांड में कुल सात लोगों के खिलाफ नौरंगिया थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक के पुत्र लालू यादव के आवेदन पर केस दर्ज होते ही पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गौरतलब है कि मुरारी यादव बीते रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। परिजनों की तलाश के बाद गुरुवार को उनका शव नौरंगिया थाना क्षेत्र के हरदियाचट्टी गांव में दो अलग-अलग स्थानों से बरामद किया गया था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
इस निर्मम हत्या के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।







