Nalanda Crime News: 10 बीघा जमीन विवाद में चली गोली, युवक गंभीर रूप से घायल- पुलिस जांच में जुटी
Nalanda Crime News: नालंदा जिले के परबलपुर थाना क्षेत्र के विजयपुरा गांव में सोमवार को जमीन बंटवारे के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गोतिया के बीच चल रहे तनातनी के बीच अचानक हुई फायरिंग में एक युवक दिलीप कुमार (पिता–रामाश्रय प्रसाद) गोली लगने से घायल हो गया। घायल युवक को पहले स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
तालाब पर मछली को दाना डालने गए थे, तभी बरस गई गोलियां
घायल दिलीप कुमार ने बताया कि वह मछली पालन करते हैं और रोज की तरह तालाब पर दाना डालने गए थे। उसी दौरान उनके चचेरे भाई गजेंद्र कुमार और रंजीत कुमार, जिनके बीच 10 बीघा जमीन के बंटवारे को लेकर करीब एक साल से विवाद चल रहा है ने कथित रूप से घात लगाकर हमला किया।
दिलीप के मुताबिक, “हमारा किसी से कोई झगड़ा नहीं है। फिर भी आज उन लोगों ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर जान मारने की नीयत से हमला किया और गोली चला दी। एक गोली मेरे हाथ में लगी, जिसके बाद मुझे अस्पताल लाया गया।”
पुलिस ने घटनास्थल से बरामद किया खोखा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हिलसा डीएसपी 2 कुमार ऋतुराज ने बताया कि घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। घायल युवक को इलाज के लिए भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
डीएसपी के अनुसार, “प्रथम दृष्टया मामला गोतिया के बीच जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। सभी बिंदुओं पर गहराई से तफ्तीश की जा रही है।”
रिपोर्टर: मो. महमूद आलम, नालंदा







