Newshaat_Logo

ऑपरेशन मुस्कान बना उम्मीद की किरण, वैशाली पुलिस ने 210 लोगों को लौटाए खोए मोबाइल

 
ऑपरेशन मुस्कान बना उम्मीद की किरण, वैशाली पुलिस ने 210 लोगों को लौटाए खोए मोबाइल
Bihar News: बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत वैशाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 210 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए। पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने रविवार को आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल धारकों को उनके फोन सुपुर्द किए। अपने खोए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने वैशाली पुलिस का आभार जताया।

एसपी विक्रम सिहाग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि जिला आसूचना इकाई (DIU) और टेक टीम सीईआईआर पोर्टल की मदद से लगातार मोबाइल रिकवर करने में जुटी हुई है।

उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत से अब तक वैशाली पुलिस कुल 1904 मोबाइल बरामद कर चुकी है। सिर्फ वर्ष 2026 में अब तक 941 मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को लौटाए जा चुके हैं। जनवरी में 200, फरवरी में 164, मार्च में 165, अप्रैल में 202 और मई में 210 मोबाइल बरामद कर वापस किए गए।

एसपी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि पुलिस तकनीकी सहायता से जल्द कार्रवाई कर सके। हर थाने में इसके लिए एक पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई है, जो आवेदन मिलते ही मामले पर काम शुरू कर देते हैं।

मोबाइल बरामदगी में बेहतर काम करने वाले पुलिस अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। बिदुपुर थाना की पुलिस अवर निरीक्षक रचना तिवारी ने सबसे अधिक 39 मोबाइल रिकवर किए। वहीं जंदाहा थाना की शालिनी कुमारी ने 22 और रुस्तमपुर थाना के अंकित कुमार ने 21 मोबाइल बरामद किए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीआईयू प्रभारी राजेश शरण, सुबोध कुमार, ओपी राय, हर्षवर्धन राज समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।