Newshaat_Logo

सप्त क्रांति एक्सप्रेस में बड़ी कार्रवाई, पैंट्री कार से 42 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद

 
सप्तक्रांति एक्सप्रेस में बड़ी कार्रवाई, पैंट्री कार से 42 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद
Bihar news: दिल्ली से मुजफ्फरपुर जा रही 12558 सप्त क्रांति एक्सप्रेस में विशेष जांच अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। ट्रेन की पैंट्री कार में छापेमारी के दौरान 42.165 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसके बाद चार रेलवे कर्मियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान पैंट्री कार मैनेजर के केबिन से बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। पैंट्री कार मैनेजर संतोष शाह के पास से 750 एमएल की 31 बोतल विदेशी शराब मिली। वहीं पैंट्री मैन राज कुमार के पास से 24 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई।

इसके अलावा सफाई कर्मी गोविंद कुमार के पास से 180 एमएल की दो बोतल तथा दूसरे सफाई कर्मी रिकी कुमार के पास से तीन बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। कुल मिलाकर 60 पीस विदेशी शराब जब्त की गई, जिसकी कुल मात्रा 42.165 लीटर बताई जा रही है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। शराब बरामद होने के बाद संबंधित कर्मियों से पूछताछ की गई और मामले को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए नरकटियागंज आरपीएफ को सौंप दिया गया है।

इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन सतर्क हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि बिहार में शराबबंदी कानून को देखते हुए ट्रेनों, विशेषकर पैंट्री कारों की निगरानी और सघन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने संकेत दिए हैं कि राज्य से गुजरने वाली ट्रेनों की पैंट्री कारों पर अब विशेष नजर रखी जाएगी ताकि शराब तस्करी के किसी भी प्रयास को समय रहते रोका जा सके।