पश्चिम चंपारण में ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, पांडे टोला में सुबह-सुबह गूंजी गोलियों की आवाज
घटना की सूचना मिलते ही साठी थाना पुलिस, डीएसपी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दो बाइक पर सवार तीन युवक गांव पहुंचे और फायरिंग करने के बाद फरार हो गए।
नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है।
वहीं स्थानीय निवासी चुन्नू पांडेय ने आशंका जताई कि घटना का संबंध उनके वैवाहिक विवाद से हो सकता है। उन्होंने बताया कि उनकी शादी फरवरी 2026 में हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था और मामला थाने तक पहुंच चुका था।
हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फायरिंग की इस घटना ने पूरे इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।







