पटना NEET छात्रा मौत मामला: SIT जांच में नया खुलासा, पिता की मौजूदगी में खरीदी गई थी नींद की दवा
Jahanabad news: पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को एक अहम सुराग मिला है। बुधवार को SIT की टीम दोबारा जांच के सिलसिले में जहानाबाद पहुंची और वहां से नींद की दवा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है।
जांच में पता चला है कि छात्रा लंबे समय से नींद की दवा का सेवन कर रही थी। सूत्रों के अनुसार, 27 दिसंबर को छात्रा अपने माता-पिता के साथ फोर व्हीलर से जहानाबाद आई थी। इसी दौरान हॉस्पिटल मोड़ के पास स्थित रोहित मेडिकल स्टोर से छात्रा ने अपने पिता की मौजूदगी में नींद की दवा खरीदी थी। दवा के लिए छात्रा ने ऑनलाइन माध्यम से करीब 350 रुपये का भुगतान किया था।
बताया जा रहा है कि जिस दवा की खरीद की गई थी, उसका सेवन छात्रा के पिता पहले से करते आ रहे थे और बाद में वही दवा छात्रा भी लेने लगी थी। SIT अब यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा कब से यह दवा ले रही थी और किन हालात में उसे इसकी जरूरत पड़ी।
मेडिकल स्टोर संचालक ने बताया कि बुधवार शाम करीब तीन से साढ़े तीन बजे के बीच दो अधिकारी उनकी दुकान पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की, लेकिन हार्ड डिस्क फुल होने के कारण हाल की रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद अधिकारियों ने हार्ड डिस्क को दुरुस्त कराने की सलाह दी और दवा की खरीद से जुड़े बिल, भुगतान और अन्य जानकारियां इकट्ठा कीं।
जांच टीम ने दुकानदार से पूरे मामले में सहयोग करने की अपील की है। SIT का कहना है कि इस केस के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। सभी तथ्यों को जोड़ने के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जाएगा।
फिलहाल छात्रा की मौत का रहस्य बरकरार है और परिवार के आरोपों के बीच पुलिस और SIT की जांच लगातार आगे बढ़ रही है।







