Movie prime

Patna news: पटना के कंकड़बाग में दो मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी

 
Patna news

Patna news: बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को कंकड़बाग थाना क्षेत्र के शिवाजी पार्क के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक दो मंजिला इमारत में अचानक आग लग गई। आग लगते ही इमारत से तेज लपटें और घना धुआं उठने लगा, जो दूर से भी साफ दिखाई दे रहा था। घटना के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की चार गाड़ियों को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और फायर विभाग के साथ मिलकर मामले की जांच में जुट गई है।

प्रशासन का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और किसी बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।