Newshaat_Logo

पटना पुलिस का बड़ा एक्शन: हथियार, कारतूस, गांजा और 83 लीटर शराब बरामद, 3 गिरफ्तार

 
पटना पुलिस का बड़ा एक्शन: हथियार, कारतूस, गांजा और 83 लीटर शराब बरामद, 3 गिरफ्तार
Bakhtiyarpur Crime News: अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पटना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बाढ़-02 अनुमंडल क्षेत्र में चलाए गए समकालीन अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, गांजा और भारी मात्रा में देसी शराब बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक विधि-विरुद्ध बालक को भी हिरासत में लिया गया है।

अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई

पुलिस द्वारा पिछले 24 घंटों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बख्तियारपुर, सालिमपुर और अथमलगोला थाना क्षेत्रों में छापेमारी की गई।

बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रानीसराय महमदपुर गांव में छापेमारी के दौरान पुलिस ने अरविंद सिंह को एक देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया।

वहीं सालिमपुर थाना क्षेत्र के विधिपुर भोजराज स्थान में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पंकज कुमार को सात जिंदा कारतूस के साथ दबोच लिया। इसी क्षेत्र के बहादुरपुर इलाके में प्रदुम्न कुमार को उसकी किराना दुकान से 22 ग्राम गांजा और 16 चिलम के साथ गिरफ्तार किया गया।

शराब तस्करी पर भी बड़ी कार्रवाई

अथमलगोला थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए दक्षिणीचक भिट्ठा गांव से 24.05 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की। इसके अलावा फोरलेन करजान रोड पर वाहन जांच के दौरान एक ई-रिक्शा से 59 लीटर देसी शराब जब्त की गई। इस मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस ने शराब ढोने में प्रयुक्त ई-रिक्शा को भी जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई में कुल 83.05 लीटर देसी शराब बरामद हुई।

बरामद सामान

* 01 देसी कट्टा
* 07 जिंदा कारतूस
* 22 ग्राम गांजा
* 16 चिलम
* 83.05 लीटर देसी चुलाई शराब
* 01 ई-रिक्शा

कानूनी कार्रवाई शुरू

बाढ़-02 अनुमंडल पुलिस कार्यालय के अनुसार अभियान में बख्तियारपुर, सालिमपुर और अथमलगोला थाना की पुलिस टीमों के साथ सशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे। सभी मामलों में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों, हथियार तस्करों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।