Newshaat_Logo

एनकाउंटर की गूंज से दहला पटना, रमाकांत हत्याकांड का शूटर अंशु भागते-भागते कानून के शिकंजे चढ़ा

 
पुलिस एनकाउंटर

Patna: बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई है। यह मुठभेड़ बालू कारोबारी रमाकांत यादव हत्याकांड से जुड़ी है। केस का मुख्य आरोपी अंशु उर्फ दिव्यांशु पुलिस की गिरफ्त से भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली मार दी।

कैसे हुआ एनकाउंटर?

जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात पुलिस आरोपी को लेकर निसरपुरा नहर रोड पहुंची थी। तभी अंशु ने पुलिस टीम से धक्का-मुक्की कर भागने की कोशिश की। उसने पुलिस पर हमला करने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए उसके पैर में गोली मार दी। इसके बाद घायल आरोपी को पहले पीएमसीएच में भर्ती कराया गया और वहां से बेहतर इलाज के लिए एम्स पटना रेफर कर दिया गया।

एसएसपी ने दी जानकारी

पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि कुछ दिन पहले रानी तालाब इलाके में बालू कारोबारी रमाकांत यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में शामिल अंशु और बिट्टू नाम के दो अपराधियों को पुलिस ने लखनऊ से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों को लेकर निशानदेही के लिए गई थी, तभी अंशु ने फरार होने की कोशिश की। इसी क्रम में पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी।

हथियार भी बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और एक डोंगल बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

एक्शन मोड में पटना पुलिस

पटना में लगातार बढ़ते अपराध को देखते हुए पुलिस अब एक्शन मोड में है। हाल ही में व्यवसायी गोपाल खेमका हत्याकांड के आरोपी विकास उर्फ राजा को भी पुलिस मुठभेड़ में ढेर कर चुकी है। उस केस में राजा ने ही हथियार मुहैया कराया था।