फुलकौल गोलीकांड का खुलासा: चाय की दुकान पर बैठा था कुख्यात पुट्टू मिश्रा, 3 शूटरों ने नजदीक से बरसाईं गोलियां
प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सोमवार शाम करीब 6:30 बजे पुट्टू मिश्रा अपने साथियों राजू खान और छोटे खान के साथ फुलकौल गांव में चाय पी रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन शूटर वहां पहुंचे और महज 4-5 फीट की दूरी से .32 एमएम पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोलियों की बौछार में पुट्टू मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठे लोग बाल-बाल बच गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर चार राउंड फायरिंग करते हुए फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
पूछताछ में खुला राज, तीनों शूटर चिन्हित
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए राजू खान और छोटे खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस ने तीनों शूटरों की पहचान कर ली है। फिलहाल उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
जमीन और वर्चस्व बना हत्या की वजह
जांच में यह भी सामने आया है कि पुट्टू मिश्रा ने हाल ही में फुलकौल गांव में करीब तीन बीघा जमीन खरीदी थी, जिसके बाद इलाके में उसकी सक्रियता बढ़ गई थी। पुलिस का मानना है कि इसी वर्चस्व की लड़ाई में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
एफएसएल टीम को मिले अहम सबूत
घटनास्थल से एफएसएल टीम ने .32 एमएम पिस्टल के चार खोखे बरामद किए हैं, जो जांच में अहम कड़ी साबित हो सकते हैं। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में सख्ती बढ़ा दी गई है और मामले की गहराई से जांच जारी है।







