Newshaat_Logo

जहरीली शराब कांड का दर्द: लड्डू साह की मौत ने झकझोरा, चंदा जुटाकर घर पहुंचा शव… पीछे छूट गईं 5 बेटियां

 
जहरीली शराब कांड का दर्द: लड्डू साह की मौत ने झकझोरा, चंदा जुटाकर घर पहुंचा शव… पीछे छूट गईं 5 बेटियां

Motihari Crime News: जहरीली शराब कांड ने पूरे जिले को हिला कर रख दिया है, लेकिन इन मौतों के बीच लड्डू साह की कहानी सबसे ज्यादा दर्दनाक बनकर सामने आई है। गरीबी, लाचारी और सिस्टम की बेरुखी ने मिलकर एक परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि लड्डू साह की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के लिए 20 हजार रुपये की मांग की गई। लेकिन आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार के लिए यह रकम जुटाना भी संभव नहीं था। इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।

हालात इतने बदतर थे कि शव को घर लाने के लिए भी परिवार के पास पैसे नहीं थे। इसके बाद गांव के लोगों ने इंसानियत दिखाते हुए दो दिनों तक चंदा इकट्ठा किया, तब कहीं जाकर लड्डू साह का शव उनके घर पहुंच सका। शव के गांव पहुंचते ही मातम पसर गया- पत्नी बेसुध है और पूरे गांव की आंखें नम हैं।

सबसे बड़ी चिंता उनकी पांच छोटी बेटियों को लेकर है, जिनका सहारा अब छिन गया है। परिवार का भविष्य अंधकार में नजर आ रहा है और गांव के लोग सरकार से तत्काल मदद की मांग कर रहे हैं।

इस दर्दनाक घटना ने प्रशासन की संवेदनशीलता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि अब तक किसी तरह के मुआवजे की घोषणा नहीं हुई है। अब सबकी निगाहें सरकार पर टिकी हैं कि पीड़ित परिवारों को कब राहत मिलती है।

रिपोटर: प्रशांत कुमार, मोतिहारी