'मेरे पति को मार सकती है पुलिस': शेरू सिंह की पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट को लिखा खत, फर्जी एनकाउंटर का डर
Patna: पारस अस्पताल हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है। चंदन मिश्रा की हत्या के मास्टरमाइंड कहे जा रहे शेरू सिंह की पत्नी लकी सिंह ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उनका आरोप है कि पुलिस उनके पति को फर्जी एनकाउंटर में मारने की तैयारी कर रही है।
सीधे CJI को लिखा खत, कहा – जान को खतरा है
लकी सिंह ने देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को चिट्ठी लिखकर अपने पति की जान बचाने की गुहार लगाई है। उन्होंने लिखा, पुलिस उनके पति शेरू को ट्रांजिट रिमांड पर ले जाकर रास्ते में गोली मार सकती है। ऐसा पहले भी हुआ है, अब वही स्क्रिप्ट दोहराई जा रही है। उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ADG ऑपरेशन्स कुंदन कृष्ण खुद इस पूरे कथित फर्जी एनकाउंटर की स्क्रिप्ट लिख रहे हैं।
2012 से जेल में हैं, फिर कैसे बन गए मास्टरमाइंड?
लकी का कहना है कि शेरू सिंह बीते 12 सालों से लगातार जेल में बंद हैं, पहले बिहार और अब पश्चिम बंगाल की पुरुलिया जेल में।
उन्होंने सवाल उठाया कि, जब एक आदमी इतने सालों से जेल में है, तो वो बाहर की हत्या की साजिश कैसे कर सकता है? लकी सिंह ने यह भी कहा कि पुलिस ने अन्य आरोपियों पर दबाव बनाकर शेरू का नाम जबरन उगलवाया है।
शूटरों पर कार्रवाई के बाद बढ़ा डर
हाल ही में चंदन मिश्रा की हत्या में शामिल दो शूटरों को पुलिस मुठभेड़ में गोली मारी गई थी। इसी के बाद शेरू की पत्नी को डर सताने लगा कि अब अगला नंबर उनके पति का हो सकता है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से आग्रह किया है कि, बिहार पुलिस को ट्रांजिट रिमांड न दिया जाए। शेरू सिंह को बिहार पुलिस के हवाले न किया जाए, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
चंदन और शेरू: दोस्ती से दुश्मनी तक
चंदन मिश्रा और शेरू सिंह कभी करीबी दोस्त हुआ करते थे। दोनों का ताल्लुक बक्सर जिले से है। चंदन सोनवर्षा गांव का रहने वाला था, वहीं शेरू सिंह दुल्लहपुर गांव से। लेकिन वक्त के साथ रिश्ते कट्टर दुश्मनी में बदल गए, और अब आरोप है कि चंदन की हत्या की साजिश के पीछे इन्हीं पुराने दोस्तों की दुश्मनी है।
मामला क्यों है बड़ा?
याद दिला दें कि, चंदन मिश्रा की हत्या पटना के पॉश अस्पताल में हुई थी जहां वो इलाज के लिए भर्ती था। वहीं, हमलावर अस्पताल के अंदर घुसकर गोली मारकर फरार हो गए थें। ये केस सिर्फ गैंगवार नहीं, बल्कि राजनीतिक कनेक्शन, पुरानी दुश्मनी और पुलिसिया एक्शन का एक जटिल जाल बन चुका है।
सुप्रीम कोर्ट में होगा फैसला
क्या शेरू सिंह को पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर ला पाएगी या सुप्रीम कोर्ट कोई रोक लगाएगा? क्या ये सच में फर्जी एनकाउंटर की साजिश है या सिर्फ एक बचाव की कोशिश? इन सवालों के जवाब आने वाले दिनों में सामने आएंगे। लेकिन इतना तय है कि बिहार की इस गैंगवार स्टोरी में अब कोर्ट की एंट्री ने सस्पेंस और बढ़ा दिया है।
आपको बता दें कि गिरफ्तार अपराधी तौशिफ ने पुलिस को चकमा देने के लिए अपना लुक बदल लिया था। हालांकि, उसके मनसूबे कामियाब नहीं हुए। इतना ही नहीं बल्कि पुलिस ने वारदात में उपयोग किए जाने वाले बाइक को भी बरामत कर लिया है।







