पंडारक में ‘फेन माफिया’ पर पुलिस का शिकंजा: एनटीपीसी डैम से अवैध कारोबार का भंडाफोड़, राइफल-कारतूस संग पूर्व जवान गिरफ्तार
गुप्त सूचना पर ताबड़तोड़ छापेमारी
थानाध्यक्ष नवनीत राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को दबोच लिया गया, जबकि उसके साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस को आशंका है कि इस अवैध धंधे को लेकर गैंगवार भी हो सकता था।
हथियारों का जखीरा बरामद
गिरफ्तार आरोपी के पास से एक राइफल और 31 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। वहीं, मौके से जब्त की गई स्कॉर्पियो वाहन की तलाशी में एक देसी कट्टा भी मिला है। वाहन में 16 बोरा ‘फेन’ सामग्री लोड थी, जिसे अवैध रूप से निकाला गया था।
पूर्व CRPF जवान निकला आरोपी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुनील कुमार पूर्व सीआरपीएफ जवान है। उसके खिलाफ पंडारक थाना कांड संख्या 74/26 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
‘फेन’ का काला खेल और गिरोहों की नजर
जानकारी के अनुसार, डैम से निकलने वाला ‘फेन’ बाजार में ऊंचे दामों पर बिकता है, जिसके चलते कई गिरोह इस अवैध कारोबार में सक्रिय हैं। इसी वजह से इलाके में लगातार तनाव की स्थिति बनी रहती है।
टेंडर प्रक्रिया की होगी जांच
एसडीपीओ रामकृष्ण ने बताया कि एनटीपीसी से इस ‘फेन’ निकासी को लेकर टेंडर प्रक्रिया की जानकारी ली जाएगी, ताकि यह साफ हो सके कि कहीं इस काम के पीछे कोई वैध अनुमति तो नहीं है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की तैयारी में जुटी है।







