Newshaat_Logo

मोतिहारी में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: 54 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोची कार

 
मोतिहारी में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: 54 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोची कार

Motihari News: पूर्वी चंपारण पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 54 किलोग्राम गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तेज रफ्तार कार का पीछा कर घेराबंदी के जरिए आरोपियों को दबोचा। कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि कुण्डवा चैनपुर थाना क्षेत्र के बसंतपुर से एक वैगन-आर कार में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर चकिया की ओर रवाना होने वाले हैं। सूचना मिलते ही विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया और इलाके में सघन वाहन जांच शुरू कर दी गई।

घेराबंदी कर पकड़ी गई तस्करों की कार

बसंत चौक के पास पुलिस ने संदिग्ध कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक वाहन मोड़कर तेज गति से भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने पीछा करते हुए बरवा खुर्द सैनिक रोड पर घेराबंदी की और कार को रोक लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस ने 54 किलोग्राम गांजा, तीन मोबाइल फोन, 10,800 रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल की गई वैगन-आर कार बरामद की।

पूछताछ में हुआ बड़े नेटवर्क का खुलासा

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश कुमार (गंगा सिरसिया, थाना चकिया, पूर्वी चंपारण) और संजय कुमार तिवारी (देवरिया, जिला मुजफ्फरपुर) के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि उन्होंने यह गांजा बसंतपुर निवासी विनोद मुखिया से लिया था।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने विनोद मुखिया को भी गिरफ्तार कर लिया। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई केवल एक खेप पकड़ने तक सीमित नहीं है। तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

इस अभियान में सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार, घोड़ासहन सर्किल इंस्पेक्टर धनंजय कुमार निर्दोष, कुण्डवा चैनपुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार, अपर थानाध्यक्ष रमेंद्र कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी शामिल रहे। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।