पटना में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, 176 किलो से ज्यादा गांजा जब्त; 3 गिरफ्तार
Bihar news: राजधानी पटना में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पश्चिमी क्षेत्र में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 176.481 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया है। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गांजे के अलावा मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और कैलकुलेटर भी जब्त किए हैं।
नौबतपुर में 160 किलो गांजा बरामद
पहली कार्रवाई नौबतपुर थाना क्षेत्र में बिहार-सरमेरा ओवरब्रिज के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर 2026 की रात वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान वाहन से प्लास्टिक में पैक 17 बंडलों में कुल 160 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। इस मामले में पुलिस ने पंकज कुमार (34) और अभिलाष कुमार उर्फ चुन्नू (38) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मामले में नौबतपुर थाना कांड संख्या 694/26 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दानापुर में गुप्त सूचना पर छापा
दूसरी कार्रवाई दानापुर थाना क्षेत्र के पाटलिपुत्र इलाके में हुई। पुलिस को 16 सितंबर 2026 को गांजा तस्करी से जुड़ी सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने छापेमारी की और अखिलेश मिश्रा उर्फ पंडित जी (45) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से 16.481 किलो गांजा, चार इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक कैलकुलेटर और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस मामले में दानापुर थाना कांड संख्या 1051/26 दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
176 किलो से ज्यादा गांजा जब्त
दो अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने कुल 176.481 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को पश्चिमी क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की जानकारी जुटाने में लगी है।







