दानापुर में पुलिसकर्मी ने बहन को मारी गोली, फिर खुद को भी किया शूट; सर्विस पिस्टल बरामद
Danapur, Patna Crime News: राजधानी पटना के दानापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम गोली चलने की घटना से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो एक महिला और बिहार पुलिस में कार्यरत एक व्यक्ति के शव मिले। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पुलिसकर्मी ने अपनी सर्विस पिस्टल से पहले अपनी बहन को गोली मारी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद दानापुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान पुलिस को मामले की परिस्थितियों का पता चला। इसके बाद वरीय पुलिस अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गई।
पुलिस के मुताबिक, मौके से पुलिसकर्मी की सर्विस पिस्टल, उसे आवंटित कारतूस और गोली का खोखा बरामद किया गया है।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए FSL की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पारिवारिक विवाद की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में घटना के पीछे पारिवारिक कारण होने की आशंका जताई गई है। हालांकि घटना की पूरी वजह और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।
नगर पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी, पटना श्री संकेत कुमार की ओर से घटना के संबंध में जानकारी दी गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।







