जमुई से RJD नेता की गिरफ्तारी पर सियासी घमासान: विनय साहू ने डिप्टी सीएम पर लगाया साजिश का आरोप
जानकारी के मुताबिक, कवैया थाना में दर्ज एक पुराने मारपीट मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जमुई के महसौड़ी इलाके से विनय साहू को हिरासत में लिया। इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उनके खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी था, जिसके आधार पर गिरफ्तारी की गई।
वहीं गिरफ्तारी के तुरंत बाद विनय साहू ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह कार्रवाई राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। उन्होंने सीधे तौर पर बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि दबाव बनाकर उन्हें फंसाया जा रहा है और प्रताड़ित किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि विनय साहू पिछले कुछ दिनों से बीमार थे और इलाज के सिलसिले में जमुई पहुंचे थे, इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके खिलाफ कोई सक्रिय मामला नहीं है और यह गिरफ्तारी पूरी तरह से राजनीतिक दबाव में की गई है।
सूत्रों की मानें तो इससे पहले भी विनय साहू जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में जेल जा चुके हैं और फिलहाल पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
इस गिरफ्तारी के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। एक तरफ जहां पुलिस इसे कानूनी कार्रवाई बता रही है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष इसे सियासी प्रतिशोध करार दे रहा है। अब इस मामले में आगे क्या मोड़ आता है, इस पर सबकी नजर टिकी हुई है।







