Movie prime

रिटायर्ड खनिज विकास पदाधिकारी का फंदे से लटका मिला शव, आत्महत्या या हत्या की जांच में जुटी पुलिस

 
Crime news nalanda

Nalanda: जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र के डुमरावां गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक रिटायर्ड सरकारी अधिकारी का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 75 वर्षीय रामाश्रय शर्मा के रूप में हुई है, जो झारखंड के धनबाद में खनिज विकास पदाधिकारी के पद से वर्ष 2012 में रिटायर हुए थे।

कमरे में लटका मिला शव, गांव में मचा हड़कंप

रामाश्रय शर्मा अपने पुश्तैनी गांव में पत्नी के साथ रहते थे और खेती-बाड़ी संभालते थे। उनके बेटे बाहर दूसरे प्रदेशों में नौकरी करते हैं और अपने परिवार के साथ वहीं रहते हैं। मंगलवार सुबह जब रामाश्रय शर्मा देर तक कमरे से बाहर नहीं आए, तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो कमरे का दरवाजा खोलते ही उन्हें फंदे से लटका देखा गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी, जिसके बाद अस्थावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल भेज दिया।

पांच साल से चल रहा था जमीन विवाद

परिजनों के मुताबिक, रामाश्रय शर्मा बीते कुछ वर्षों से गांव में जमीन विवाद को लेकर मानसिक रूप से परेशान थे। बताया जा रहा है कि पिछले 5-6 वर्षों से विवादित जमीन को लेकर तनाव में थे और इसी कारण उन्होंने यह कदम उठाया हो सकता है।

पुलिस को प्रथम दृष्टया आत्महत्या का शक

अस्थावां थानाध्यक्ष लालमुनि दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, क्योंकि शव प्लास्टिक की रस्सी से लटका हुआ मिला है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।
फिलहाल पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है और आवेदन मिलने के बाद आगे की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।