बिहार में सियासी सनसनी: राजद महासचिव की गोली मारकर हत्या, ग्रामीणों ने हाजीपुर-महनार रोड जाम किया
Vaishali: वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के पैकौली गांव में सोमवार की देर रात अपराधियों ने राजद नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर आगजनी कर दी।
देर रात घर लौटने के दौरान वारदात
मृतक की पहचान शिव शंकर सिंह (62 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भैरोपुर गांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार वे अपने पुराने घर से पकैल स्थित नए घर रात में सोने के लिए आए थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चला दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने चार राउंड फायरिंग की। गोलियां उनकी आंख और पीठ पर लगीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
रिटायरमेंट के बाद कर रहे थे जमीन का कारोबार
शिव शंकर सिंह दो साल पहले बिजली विभाग से रिटायर हुए थे। इसके बाद वे जमीन का कारोबार कर रहे थे। वे राजद से जुड़े थे और पिछले तीन साल से बिदुपुर प्रखंड महासचिव के पद पर कार्यरत थे।
परिवार और गांव में मातम
शिव शंकर सिंह चार भाइयों और तीन बहनों में बड़े थे। उनके एक बेटा और तीन बेटियां हैं। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
सड़क पर बवाल, आगजनी से यातायात ठप
पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर ग्रामीणों ने शव रखकर जाम कर दिया। सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की गई, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने की कोशिश में जुटी है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। बिदुपुर थानेदार ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है।







