दरभंगा में छापेमारी के दौरान बवाल: शराब माफियाओं के समर्थन में भीड़ का हमला, तीन पुलिसकर्मी घायल
Darbhanga News: बिहार के दरभंगा जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बड़ा बवाल हो गया। बहेड़ा थाना क्षेत्र के धरौड़ा दलित टोला में मद्य निषेध टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।

छापेमारी के दौरान अचानक हमला
मिली जानकारी के अनुसार, अवैध शराब कारोबार की गुप्त सूचना पर मद्य निषेध विभाग की टीम बेनीपुर थाना प्रभारी सिद्धार्थ कुमार के नेतृत्व में गांव पहुंची थी। जैसे ही टीम ने छापेमारी शुरू की, कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध करते हुए पुलिस पर हमला बोल दिया।
तीन पुलिसकर्मी घायल
इस हमले में एएसआई विनोद कुमार मिश्रा, सिपाही सतीश कुमार और महिला सिपाही शांभवी रानी घायल हो गईं। सभी घायलों को तुरंत बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत स्थिर है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना को लेकर पंकज कुमार (थानाध्यक्ष, बहेड़ा) ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं मद्य निषेध टीम ने भी आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू करने की बात कही है।
इलाके में तनाव, पुलिस बल तैनात
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

अवैध शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच इस तरह का हमला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। अब नजर इस बात पर है कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कितनी तेजी से कार्रवाई करती है।
रिपोटर: तुलसी झा, दरभंगा







