सारण पुलिस का कमाल: 24 घंटे में लूटकांड का पर्दाफाश, तीन शातिर गिरफ्तार
छपरा, सारण: दाउदपुर थाना क्षेत्र के बनवार ओवरब्रिज के पास हुई लूट की वारदात का सारण पुलिस ने मात्र 24 घंटे के अंदर उद्भेदन कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से छीनी गई मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और ₹3500 नगद बरामद किया है।
घटना में पीड़ित से अपराधियों ने चाकू की नोक पर मोबाइल, बैग, एटीएम कार्ड, नकदी और मोटरसाइकिल छीन लिया था। पीड़ित के लिखित आवेदन पर दाउदपुर थाना में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी गश्ती टीमों को अलर्ट कर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
पुलिस की तत्परता से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। शेष एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार हुई है:
• बादल सिंह उर्फ नीरज, पिता शत्रुघ्न सिंह, निवासी नया बड़का बैजू टोला थाना रिविलगंज (इस पर 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज)।
• आदर्श कुमार साह, पिता बजरंगी प्रसाद, निवासी नायका बड़का बैजू टोला थाना रिविलगंज।
• कुणाल कुमार सिंह, पिता सर्वजीत सिंह, निवासी नायका बड़का बैजू टोला थाना रिविलगंज, जिला सारण।
गिरफ्तार अभियुक्त बादल सिंह उर्फ नीरज का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों को स्पीडी ट्रायल के तहत सजा दिलाई जाएगी। साथ ही, इस कार्रवाई में शामिल दाउदपुर और मुफस्सिल थाना के पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।







