Newshaat_Logo

मायागंज अस्पताल में सुरक्षा गार्डों का हंगामा, बांका से बुलाए गए कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

 
मायागंज अस्पताल में सुरक्षा गार्डों का हंगामा, बांका से बुलाए गए कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
Bhagalpur News: भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज अस्पताल) में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे सुरक्षा गार्ड अचानक उग्र हो गए। मामला इतना बढ़ गया कि प्रदर्शनकारी गार्डों ने बांका से बुलाए गए दूसरे सुरक्षा कर्मियों पर हमला बोल दिया और उन्हें अस्पताल परिसर में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

जानकारी के अनुसार सुरक्षा कर्मी लंबे समय से वेतन बढ़ोतरी, पीएफ, वर्दी और छुट्टी जैसी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। सोमवार को प्रदर्शन तेज होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बांका से वैकल्पिक सुरक्षा कर्मियों की टीम बुला ली। इसी बात से नाराज प्रदर्शनकारी भड़क उठे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही बांका से आए सुरक्षा कर्मी अस्पताल पहुंचे, प्रदर्शन कर रहे गार्डों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने लाठी-डंडों के साथ हमला कर दिया और कई कर्मियों को परिसर से खदेड़ दिया। घटना के दौरान अस्पताल परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया और मरीजों व परिजनों में दहशत फैल गई।

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद हालात को काबू में किया और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है।

सूत्रों के अनुसार सुरक्षा कर्मियों की मांगों को लेकर पहले भी कई बार प्रशासन से बातचीत हुई थी, लेकिन समाधान नहीं निकलने से कर्मचारियों में नाराजगी लगातार बढ़ रही थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अस्पताल प्रशासन भी हालात सामान्य करने की कोशिश कर रहा है।