Newshaat_Logo

गया में सनसनी: नाबालिग संग युवक फरार, ‘प्यार या अपहरण’ की गुत्थी में उलझा मामला

 
गया में सनसनी: नाबालिग संग युवक फरार, ‘प्यार या अपहरण’ की गुत्थी में उलझा मामला
Gaya News: बिहार के गया जिले से प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है। चंदौती थाना क्षेत्र के नियाज़ीपुर गांव से एक नाबालिग लड़की और युवक के अचानक लापता होने के बाद जहां परिजनों ने अपहरण का आरोप लगाया, वहीं पुलिस जांच में कहानी कुछ और ही सामने आई।

जानकारी के मुताबिक, गांव के ही युवक किरण मांझी और 15 वर्षीय लड़की के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे। इसी बीच बुधवार को दोनों अचानक घर से गायब हो गए, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया।

लड़की के परिवार ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी अपनी मर्जी से नहीं गई, बल्कि युवक ने बहला-फुसलाकर उसे अपने साथ ले गया। परिजनों के अनुसार, लड़की सुबह खेत जाने के दौरान लापता हुई, जिसके बाद अपहरण की आशंका जताई गई।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और छानबीन शुरू कर दी। कुछ ही घंटों के भीतर दोनों को बेलागंज थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। इसके बाद दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए चंदौती थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

थानाध्यक्ष के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है और दोनों आपसी सहमति से घर से गए थे। हालांकि, लड़की के नाबालिग होने के कारण मामला गंभीर हो गया है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और अब लड़की का बयान कोर्ट में दर्ज कराया जाएगा। उसी के आधार पर यह साफ हो पाएगा कि मामला प्रेम प्रसंग का है या अपहरण का।

फिलहाल, इस घटना ने गांव में चर्चा का माहौल बना दिया है, जहां हर कोई यही जानना चाहता है यह प्यार की कहानी है या किसी साजिश का हिस्सा।