सहरसा में सनसनी: घास काटने निकली 5 नाबालिग बच्चियां लापता, पुलिस का सघन सर्च ऑपरेशन जारी
लापता बच्चियों में राधा कुमारी (17), नेहा कुमारी (14), ज्योति कुमारी (12), कोमल कुमारी (12) और प्रीति कुमारी (10) शामिल हैं। परिजनों के मुताबिक, सुबह करीब 11:30 बजे वे घर से निकली थीं। शाम करीब 4 बजे तुलसीपुर की दिशा में उन्हें देखे जाने की सूचना मिली, लेकिन उसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला।
रात में पुलिस को दी गई सूचना
परिजनों ने रात 8 से 9 बजे के बीच पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही नवहट्टा थाना पुलिस हरकत में आई और तुरंत तलाश अभियान शुरू कर दिया गया।
अधिकारियों ने संभाली कमान
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी मुख्यालय-2 कमलेश्वर प्रसाद सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार और अपर थानाध्यक्ष रोशन कुमार के नेतृत्व में लगातार छापेमारी और खोजबीन की जा रही है। आसपास के गांवों और संभावित ठिकानों पर भी जांच तेज कर दी गई है।
हर पहलू पर जांच
पुलिस का कहना है कि सभी संभावित एंगल पर जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ के साथ-साथ इलाके में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। उधर, परिजन बदहवास हैं और प्रशासन से बच्चियों की सकुशल बरामदगी की गुहार लगा रहे हैं। गांव में दहशत और बेचैनी का माहौल है, हर कोई यही दुआ कर रहा है कि पांचों बच्चियां सुरक्षित लौट आएं।
रिपोटर: नीरज कुमार, सहरसा







