जहानाबाद में सरेआम गोलीकांड: घर के बाहर बैठे युवक को मारी गोली, हालत नाजुक, पीएमसीएच रेफर
घायल की पहचान नौरू गांव निवासी गेहूमन यादव के 26 वर्षीय पुत्र शैलेश कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शैलेश रात में अपने घर के बाहर बैठा था, तभी हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और उस पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल से पीएमसीएच तक
गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल शैलेश को तुरंत जहानाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित Patna Medical College and Hospital (PMCH) रेफर कर दिया।
आपसी विवाद की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही परस बीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना अध्यक्ष राजकिशोर पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, हालांकि सभी पहलुओं पर गहराई से जांच की जा रही है।
परिजनों का आरोप है कि घटना से पहले एक व्यक्ति इलाके में रेकी करता दिखा था, जिसके बाद गोलीबारी की गई। सूत्रों के अनुसार जमीन को लेकर पुराना गोतिया विवाद भी चल रहा था, जिसे लेकर इस हमले की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के बाद नौरू गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्ट: पवन कुमार, जहानाबाद







