भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी का पर्दाफाश, 40 ग्राम स्मैक और 43 हजार नेपाली करेंसी के साथ धंधेबाज गिरफ्तार
Araria: भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के सिकटी थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक बड़े नशे के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। बुधवार को सिकटी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 30 वर्षीय सुनील साह, पिता स्व. राजेंद्र साह, को उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से 40 ग्राम स्मैक, एक मोबाइल फोन और 43 हजार नेपाली करेंसी बरामद की।
गुप्त सूचना पर बनी छापेमारी टीम
सिकटी थानाध्यक्ष रौशन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि सुनील साह स्मैक की तस्करी कर रहा है। इसके बाद गठित विशेष टीम ने बौका मजरख वार्ड संख्या-1 स्थित उसके घर पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने खदेड़कर उसे दबोच लिया।
जेब से निकला स्मैक और करेंसी
तलाशी के दौरान आरोपी की जींस की दाहिनी जेब से काले रंग के प्लास्टिक में रखा 40 ग्राम स्मैक और बाईं जेब से 43 हजार नेपाली रुपये नकद बरामद किए गए।
केस दर्ज, नेटवर्क की जांच शुरू
इस मामले में सिकटी थाना कांड संख्या 158/25 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8(सी) और 21(बी) के तहत कार्रवाई की गई है। सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि बरामद स्मैक के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक को खंगालने के लिए जांच जारी है।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष रौशन कुमार, सब इंस्पेक्टर उज्जवल कुमार, गृहरक्षक सुमित कुमार, दीपक कुमार और सिपाही उपासना कुमारी शामिल थे।







