Movie prime

बांका में जेल से छूटे अपराधियों पर रहेगी खास नजर, एसपी उपेंद्र नाथ बर्मा ने की समीक्षा बैठक

 
बांका में जेल से छूटे अपराधियों पर रहेगी खास नजर, एसपी उपेंद्र नाथ बर्मा ने की समीक्षा बैठक

Banka news: विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्‍य से बुधवार को समाहरणालय स्थित सभागार में बांका एसपी उपेंद्र नाथ बर्मा की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

समीक्षा बैठक के दौरान एसपी बर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जेल से हाल ही में छूटे अपराधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में चोरी की घटनाएं बढ़ जाती हैं, ऐसे में जिले के संवेदनशील और संदिग्ध इलाकों में विशेष गश्ती बढ़ाई जाए।

एसपी ने रात्रिकालीन पेट्रोलिंग को तेज करने और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने का भी निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिले में लंबित कांडों की जांच एवं अनुसंधान शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। उनके अनुसार, लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और इससे आम जनता को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण मिलता है।

बैठक के दौरान एसपी उपेंद्र नाथ बर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए सभी थाना क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाते हुए कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है।

बांका पुलिस प्रशासन ने बैठक को गंभीरता से लेते हुए तय दिशानिर्देशों के तहत सुरक्षा व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त करने की बात कही।