Movie prime

नवादा में STF का बड़ा एक्शन: PLFI का कुख्यात सदस्य अजीत यादव गिरफ्तार, AK-47 समेत हथियारों का जखीरा बरामद

 
नवादा में STF का बड़ा एक्शन: PLFI का कुख्यात सदस्य अजीत यादव गिरफ्तार, AK-47 समेत हथियारों का जखीरा बरामद
Bihar news: बिहार में उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पेशल टास्क फोर्स बिहार ने प्रतिबंधित संगठन PLFI (People’s Liberation Front of India) के सक्रिय सदस्य अजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई शुक्रवार सुबह नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में की गई।

एसटीएफ के अनुसार अजीत यादव की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसमें भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए। बताया जाता है कि आरोपी नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र स्थित दिलवा गांव का रहने वाला है और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था।

छापेमारी में मिला हथियारों का जखीरा

एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक AK-47 रायफल, उसके 21 कारतूस, दो मैगजीन, .315 बोर की दो रायफल, 10 कारतूस, तीन एम्यूनिशन पाउच और सेना की तीन सेट वर्दी बरामद की गई।

अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में हथियार मिलने से इलाके में संभावित बड़ी आपराधिक या उग्रवादी साजिश की आशंका भी जताई जा रही है।

कई गंभीर मामलों में रहा है शामिल

जांच एजेंसियों के अनुसार अजीत यादव लेवी वसूली, रंगदारी, हत्या और अन्य कई संगीन वारदातों में शामिल रहा है। उसकी गतिविधियों को लेकर पहले से पुलिस को इनपुट मिल रहे थे।

इस मामले में रजौली थाना में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस अब उससे जुड़े अन्य नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश में जुट गई है।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर उसके द्वारा अंजाम दी गई सभी आपराधिक घटनाओं का रिकॉर्ड खंगाल रही हैं, ताकि पूरे गिरोह के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा सके।