कटिहार में आंधी-तूफान का कहर: घरों पर गिरा विशाल पीपल का पेड़, एक की मौत, कई घायल
जानकारी के अनुसार रात करीब नौ बजे अचानक मौसम बिगड़ गया। तेज हवाओं और बारिश के बीच गांव का एक पुराना पीपल का पेड़ जड़ से उखड़कर पास के मकानों पर जा गिरा। हादसे के समय घरों के अंदर मौजूद लोग मलबे और पेड़ के नीचे दब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की चीख-पुकार से पूरा गांव गूंज उठा।
ग्रामीणों ने खराब मौसम और अंधेरे के बावजूद राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद पेड़ और मलबे के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। हालांकि गयारहिका गांव निवासी 35 वर्षीय विलास राम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कई अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए कोढ़ा अस्पताल भेजा गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक यह विशालकाय पेड़ विलास राम, कैलाश राम और विकास राम के घरों पर गिरा था। पेड़ गिरने से टीन और कच्चे मकानों को भारी नुकसान पहुंचा और देखते ही देखते कई घर मलबे में तब्दील हो गए।
हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और प्रभावित परिवारों के लिए राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
मौसम विभाग ने पहले ही कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की थी। इस हादसे ने एक बार फिर खराब मौसम के दौरान सतर्कता की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।







